अखिलेश ने अपने आवास पर पत्नी व पूर्व सांसद डिंपल यादव के साथ मोमबत्ती जलाई और इसके आगे पार्टी का चुनाव चिह्न साइकिल को खड़ा किया। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि आज आने वाले कल के बदलाव का इतिहास लिख दिया। आज युवाओं ने भाजपा के शासनकाल की उल्टी गिनती की शुरुआत कर दी है। हमने नौजवानों की खातिर मोमबत्तियां जलकर हमेशा की तरह आज भी उनका साथ दिया और देते रहेंगे।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. राम गोपाल ने भी अंधेरा करके कैंडिल जलाया। पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्र ने गोमती नगर स्थित आवास पर पत्नी और बच्चों के साथ अंधेरा करने के बाद दीपक जलाया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आह्वान पर सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेशभर में रात नौ बजे अंधेरा कर मोमबत्तियां जलाई। लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सड़क पर भी निकले। कई स्थानों पर सपा कार्यकर्ताओं को रोका भी गया।
इसके पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार की सुबह 8.24 बजे ट्वीट कर कहा कि ‘मुट्ठियां जब बंध जाती हैं नौजवानों की नींद उड़ जाती है ‘ज़ुल्मी हुक्मरानों की। इसके आगे लिखते हैं कि आइए युवाओं व उनके परिवार की बेरोजगारी-बेकारी के इस अंधेरे में हम आज रात 9 बजे, 9 मिनट के लिए बत्तियां बुझाकर क्रांति की मशाल जलाएं, उनकी आवाज में आवाज मिलाएं!